छात्र आंदोलन के समर्थन में धरना स्थल पहुंचेंगे स्वामी दिव्यानंद

 


रांची, 04 अगस्त (हि.स.)।

अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश संरक्षक स्वामी दिव्यानंद महाराज ने रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती मुद्दे को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में धरना स्थल पहुंचने की घोषणा की है।

उन्होंने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्‍त‍ि में कहा कि पांच अगस्त 2026 को छात्रों से बातचीत के बाद आवश्यकता होने पर वह उनके साथ धरने पर भी बैठेंगे।

स्वामी दिव्यानंद ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि पिछले 11 दिनों से छात्र शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलनरत छात्रों को बारिश, भोजन और ठहरने जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी वे शांतिपूर्वक अपना आंदोलन जारी रखे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि पांच अगस्त, बुधवार दोपहर 12 बजे वह धरना स्थल पहुंचकर छात्रों से वार्ता करेंगे। यदि छात्रों की इच्छा होगी और परिस्थितियां आवश्यक हुईं तो वह उनके साथ धरने पर बैठकर आंदोलन का समर्थन करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए समाधान की दिशा में कदम उठाना चाहिए।

स्वामी दिव्यानंद ने राज्य सरकार के रवैये पर चिंता जताते हुए कहा कि युवाओं की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि छात्र राज्य और देश का भविष्य हैं तथा उनकी समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से निकाला जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar