किशोरी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
गोड्डा, 07 अक्टूबर (हि.स.)।
मेहरमा थाना क्षेत्र के शंकरपुर मंडल टोला में बुधवार को 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी अपने घर में बेड पर बेसुध पड़ी मिली। घटना के समय उसका भाई मजदूरी करने गया था, जबकि उसकी मां बहियार में फसल देखने गई थी।
दोपहर में किशोरी का भाई शिवनंदन कुमार भोजन करने घर लौटा तो उसने अपनी बहन को बेड पर बेसुध पड़ा देखा। हिलाने-डुलाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह चीखने-चिल्लाने लगा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोरी को आनन-फानन में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ऋषभ कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर सहायक पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार रंजन, रमेश कुमार सहित पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और मामले की जांच की।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल भेज दिया। सहायक पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार रंजन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
बताया गया कि किशोरी दो भाइयों और एक बहन में थी। उसके पिता प्रदीप मंडल बेंगलुरु में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद मंडल टोला में शोक की लहर है। ग्रामीण किशोरी की असमय मौत से मर्माहत हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार