विपक्ष को हुआ शुगर, इसलिए खोज रहा मडुआ : सुरेश
रांची, 26 फ़रवरी (हि.स.)।
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को सत्तापक्ष की ओर से बजट के कटौती प्रस्ताव के विरोध में बोलते हुए राजद के विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार गरीब-गुरबों के लिए बेहतर कार्य कर रही है। सदन में प्रस्तुत कृषि बजट के दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे। लेकिन सरकार की कार्ययोजनाएं विपक्ष को पच नहीं रही हैं। विपक्ष को शुगर हो गया है, इसलिए वह मड़ुआ खोज रहा है। हमारी सरकार मिलेट मिशन योजना के तहत उन्हें मड़ुआ भी देगी।
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अच्छा अनाज खाइएगा तभी बुद्धि ठीक रहेगी। पासवान ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने कभी पशुधन के बारे में गंभीरता से नहीं सोचा। गाय, सुअर, मुर्गी और बकरी पालन का भी विरोध किया जाता है। यदि कोई किसान गाय लेकर जाता है तो विपक्ष के लोग तुरंत पुलिस को फोन कर देते हैं। लेकिन उनकी सरकार को अगले 50 वर्षों तक कोई हिला नहीं सकेगा।
वहीं आजसू के विधायक निर्मल महतो ने कहा कि हाथियों के आतंक से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। किसानों के लिए विशेष कोष का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने दारू प्रखंड में धान खरीद नहीं होने और दामोदर नदी के पानी का सिंचाई में उपयोग करने की मांग उठाई। भाकपा मामले के विधायक अरूप चटर्जी ने बड़े जलाशयों में मछली का चारा छोड़ने, सरकारी तालाबों की ओपन नीलामी से राजस्व बढ़ाने, मांगुर मछली की तस्करी रोकने और गोचर भूमि चिन्हित कर गोशाला निर्माण की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar