विधानसभा सचिवालय में सुरेन्द्र कुमार को भावभीनी विदाई

 


रांची, 30 सितंबर (हि.स.)। झारखण्ड विधानसभा सचिवालय में बुधवार को विदाई समारोह का आयोजन कर विधानसभा के सहायक प्रशाखा पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार को भावभीनी विदाई दी गई।

विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सुरेन्द्र कुमार ने 13 फरवरी 1990 को बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग में सरकारी सेवक के रूप में अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। स्वास्थ्य विभाग में सेवा देने के बाद उन्होंने एक अक्टूबर 2007 को झारखण्ड विधानसभा सचिवालय में सहायक के पद पर योगदान दिया।

अपनी योग्यता, कार्यदक्षता तथा सौहार्दपूर्ण एवं हंसमुख स्वभाव के कारण सुरेन्द्र कुमार ने विधानसभा के सभी पदाधिकारी और कर्मियों के बीच अपना विशिष्ट स्थान बनाया। विदाई समारोह के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों ने उनके सेवानिवृत्ति के उपरांत स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार ने कहा कि किसी भी संस्थान की कार्यप्रणाली को सुचारु रूप से संचालित करने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सुरेन्द्र कुमार ने अपने सेवाकाल के दौरान सौंपे गए दायित्वों का निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया है। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की। समारोह में मुख्य रूप से विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar