छात्रों की आवाज दबाना केंद्र सरकार की विफलता : श्वेता
धनबाद, 22 जुलाई (हि.स.)। बोकारो से कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने बुधवार को धनबाद परिसदन में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों की अनदेखी करना और उनके साथ दुर्व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। श्वेता सिंह ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की भी निंदा की।
विधायक ने कहा कि देश के युवा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे में छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
श्वेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में छात्रों की आवाज बुलंद करेगी और हर क्षेत्र के विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत होकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी एवं युवाओं से जुड़े हर मुद्दे पर उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा