सेक्टर-3 में एचईसी वर्कर्स को बी-टाइप क्वार्टर आवंटित करे प्रबंधन : शनि

 


रांची, 31 जुलाई (हि.स.)।

एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने एचईसी के निदेशक (कार्मिक) से सेक्टर-3 में खाली पड़े बी-टाइप क्वार्टर एचईसी वर्कर्स को आवंटित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से मांग रही है कि उन्हें सेक्टर-3 में आवास उपलब्ध कराया जाए। इसलिए एचईसी प्रबंधन जल्द काउंसिलिंग कराकर खाली क्वार्टरों का आवंटन कराए।

शनि सिंह ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि निदेशक (कार्मिक) टीए डिवीजन की कमियों को दूर करने और उसकी आय बढ़ाने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में टीए डिवीजन से बेहतर राजस्व प्राप्त होगा, जिससे कंपनी की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

उन्होंने बताया कि एचईसी परिसर में संचालित सभी स्कूलों में कर्मचारियों के बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसकी जिम्मेदारी कार्मिक एवं प्रशासनिक प्रमुख प्रशांत कुमार को सौंपी गई है।

उनके निर्देश पर सभी स्कूलों से कहा गया है कि एचईसी कर्मचारियों के बच्चों से इंटरमीडिएट तक केवल नाममात्र की फीस ली जाए।

शनि सिंह ने कहा कि यदि कोई विद्यालय इस निर्देश का पालन नहीं करता है तो उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar