ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर संपन्न, 150 खिलाड़ियों को मिला प्रशिक्षण
रांची, 06 जून (हि.स.)। नेशनल योग प्रशिक्षण केंद्र, रांची और अर्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में धुर्वा सेक्टर-2 स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय में आयोजित 15 दिवसीय रांची जिला ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ।
इस अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि दीपक बंका ने खेलो इंडिया जनजातीय गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतने वाले झारखंड टीम के बालक और बालिका खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
यह आयोजन विगत 22 मई 2026 से छह जून तक आयोजित शिविर में मलखंभ, योग, खो-खो, कबड्डी, आत्या-पात्या और बैडमिंटन का प्रशिक्षण दिया गया।
इस शिविर में रांची जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालय, क्लब एवं ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मुख्य प्रशिक्षक अजय झा और अन्य प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को खेलों की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय सचिव सजल बनर्जी, झारखंड राज्य मलखंभ अकादमी के निदेशक अजय झा, धर्मेंद्र तिवारी, आशुतोष द्विवेदी, अमित कुमार, संजीत गाड़ी और केपी डे सहित कई लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar