ग्रीष्मकालीन गणित ओलंपियाड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
देवघर, 24 मई (हि.स.)। कृषि उद्योग और किसान विकास समिति, देवघर के तत्वावधान में सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन गणित ओलंपियाड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ रविवार को ओम् सदाशिव कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सगदाहा, जसीडीह में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर ओम् सदाशिव कॉलेज के निदेशक उदित कुमार देव, सहायक प्राचार्य संतोष कुमार झा, डॉ युगल किशोर सिंह, कोठिया उत्क्रमित विद्यालय के प्राचार्य कुणाल, विजीपीटी क्लासेस के निदेशक विकास विश्वास सहित अन्य उपस्थित थे।
शिविर में लगभग 20 गांवों के 18 विद्यालयों से कुल 72 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें 28 लड़कियां एवं 44 लड़के शामिल हैं। प्रतिभागी विद्यार्थी कक्षा ०८ वीं से १२ वीं तक के हैं। प्रशिक्षण के दौरान भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर, मुंबई से जुड़े झारखंड राज्य के सहायक समन्वयक डॉ युगल किशोर सिंह ने बच्चों को संख्या पद्धति, गिनने और चुनने के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने गणित को कहानियों और रोचक उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए बच्चों में गणित एवं ओलंपियाड परीक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी ओलंपियाड जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कृषि उद्योग और किसान विकास समिति के कोऑर्डिनेटर दीपक कुमार देव और उनके सहयोगी सुधीर कुमार, गोविंद दास एवं मो कमरुद्दीन अंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy