धुर्वा केसरी समाज का सावन उत्सव संपन्न, सुमन केसरी बनीं सावन क्वीन

 


रांची, 03 अगस्त (हि.स.)। धुर्वा केसरी समाज की ओर से सोमवार को शिवानी इंटरनेशनल होटल में महिलाओं के लिए सावन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंजना केसरी ने की। आयोजन की शुरुआत महिलाओं ने पारंपरिक सावन गीतों के साथ की, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सावन पर्व की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाया।

उत्सव के दौरान महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सावन क्वीन प्रतियोगिता में सुमन केसरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सावन क्वीन का खिताब अपने नाम किया। वहीं बैलून रेस प्रतियोगिता में श्वेता गुप्ता, शर्मिला केसरी, मंजू देवी और सरिता केसरी को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में शर्मिला केसरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन शिखा केसरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूनम केसरी ने प्रस्तुत किया। आयोजन के दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सावन पर्व का आनंद लिया तथा आपसी एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

इस अवसर पर पूनम केसरी, सुधारानी, श्वेता केसरी, शिखा केसरी, सरिता केसरी, बीना केसरी, श्वेता गुप्ता, आरती केसरी सहित केसरी समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar