गांधी जयंती पर सुदेश महतो ने दी श्रद्धांजलि, सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प

 


-सिल्ली में आजसू केंद्रीय अध्यक्ष ने गांधी के विचारों को बताया वर्तमान चुनौतियों का समाधान

रांची, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने शुक्रवार को सिल्ली विधानसभा क्षेत्र स्थित पार्टी कार्यालय में गांधीजी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके बताए सत्य, अहिंसा, शांति, सादगी और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस मौके पर सुदेश महतो ने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हिंसा, सामाजिक भेदभाव, असहिष्णुता और पर्यावरण संकट जैसी चुनौतियों से जूझ रही दुनिया को उनके सिद्धांत नई दिशा देने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन सत्य की शक्ति, अहिंसा के साहस और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देता है। उनके विचार केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वर्तमान चुनौतियों का सामना करने और न्यायपूर्ण, समतामूलक एवं मानवीय समाज के निर्माण की राह भी दिखाते हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak