रांची में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना
रांची, 16 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और शहर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश ने शहर की उमस को खत्म कर मौसम को काफी सुहाना बना दिया है। हालांकि, दुर्गा पूजा के इस उत्सवी माहौल में अचानक हुई इस बारिश ने शाम के समय सपरिवार पंडाल घूमने निकलने वाले श्रद्धालुओं की चिंता थोड़ी बढ़ा दी है।
मौसम केंद्र, रांची के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान गुमला जिले के घाघरा में 20.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा के जगन्नाथपुर में 34.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान रांची में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री, जमशेदपुर में 32.1 डिग्री और बोकारो में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों को राहत वाली खबर दी है। उनके मुताबिक, रांची में मौसम बदलने की मुख्य वजह स्थानीय स्तर पर विकसित हुआ लोकल थंडरस्टॉर्म है। इसका असर कांके से लेकर शहर के कुछ इलाकों तक देखने को मिला है।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने के कारण स्थानीय स्तर पर वाष्पीकरण बढ़ा है। इससे बादलों का निर्माण हुआ और कुछ इलाकों में बारिश की स्थिति बनी। इस तरह के मौसमी बदलाव स्थानीय स्तर पर होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस बदलाव को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है और बारिश का यह सिलसिला कुछ देर में थम जाएगा।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, स्थानीय स्तर पर हुए इस बदलाव से आने वाले दिनों में दुर्गा पूजा के उत्साह पर कोई बड़ा असर पड़ने की आशंका नहीं है। मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। शनिवार को भी आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिक ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी है। उनके मुताबिक स्थानीय स्तर पर गरज-चमक वाले बादल बनने की स्थिति में वज्रपात की आशंका बनी रहती है। ऐसे में लोगों को पेड़ों के नीचे खड़े होने, खुले मैदानों और खेतों में जाने से बचना चाहिए। बारिश या गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे