न्यायवाणी राष्ट्रीय वर्चुअल मूट कोर्ट प्रतियोगिता में आईएलएस के विद्यार्थी पहुंचे क्वार्टर फाइनल में
रांची, 28 सितंबर (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय के आईएलएस (इंस्टीच्यूट ऑफ लीगल स्टडीज) के सप्तम सेमेस्टर के विद्यार्थियों कृष्णांशु कर्मकार, ऋषभ राज और अंजलि कुमारी ने न्यायवाणी राष्ट्रीय वर्चुअल मूट कोर्ट प्रतियोगिता के द्वितीय संस्करण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौथे चरण में स्थान प्राप्त किया है।
देशभर से कुल 120 टीमों ने इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया। संस्थान की टीम ने अपने उत्कृष्ट विधिक अनुसंधान, तार्किक प्रस्तुतीकरण, प्रभावी वाद-विवाद, न्यायालयीन अभिव्यक्ति और सामूहिक प्रयास के माध्यम से चौथे चरण में प्रवेश किया।
इस उपलब्धि पर, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो (डॉ) सरोज शर्मा ने साेमवार काे विद्यार्थियों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर 120 टीमों के बीच चौथे चरण तक पहुंचना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और यह विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम एवं समर्पण को दर्शाता है।
वहीं विश्वविद्यालय के सीवीएस की निदेशक डॉ स्मृति सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 120 टीमों के बीच क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा, लगन और विधिक समझ का परिचायक है। उन्होंने आगामी चरण के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
विश्वविद्यालय के आईएलएस के निदेशक प्रो डॉ आचार्य ऋषि रंजन ने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में विधिक अनुसंधान, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति और न्यायालयीन प्रस्तुतीकरण की क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण का परिणाम बताते हुए आगामी चरण के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।
आईएलएस मूट कोर्ट के प्रभारी प्रियांशु कुमार त्रिपाठी ने कृष्णांशु कर्मकार, ऋषभ राज और अंजलि कुमारी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और विधिक कौशल का परिणाम है।
उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी चरण में आत्मविश्वास के साथ बेहतर तैयारी करने और संस्थान का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं मूट कोर्ट समिति ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak