रांची सदर अस्पताल में जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, 46 वर्षीय मरीज को मिली नई जिंदगी
-निजी अस्पताल में इलाज पर आठ लाख से अधिक का अनुमानित खर्च- सदर अस्पताल में विशेषज्ञ टीम ने किया सफल ऑपरेशन
रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। रांची सदर अस्पताल में 46 वर्षीय भूषण सिंह के जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी की गई है। मरीज पिछले करीब दो वर्षों से ब्रेन ट्यूमर की समस्या से परेशान था। निजी अस्पताल में सर्जरी समेत इलाज पर करीब आठ लाख रुपये से अधिक खर्च का अनुमान बताया गया था। आर्थिक कारणों से इलाज को लेकर परेशान मरीज ने सदर अस्पताल का रुख किया, जहां न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
चिकित्सकों के अनुसार, मरीज के मस्तिष्क में मेनिन्जियोमा था। इस तरह के ट्यूमर की सर्जरी बेहद जटिल और संवेदनशील मानी जाती है। मस्तिष्क के भीतर ट्यूमर को निकालते समय आसपास मौजूद महत्वपूर्ण नसों, रक्तवाहिनियों और सामान्य मस्तिष्क ऊतकों को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती होती है। ऑपरेशन के दौरान रक्तस्राव के साथ-साथ महत्वपूर्ण न्यूरोलॉजिकल संरचनाओं को क्षति पहुंचने का जोखिम भी रहता है।
डॉ. विकास कुमार और उनकी टीम ने इस जटिल मामले को स्वीकार करते हुए पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान सटीक सर्जिकल तकनीक, लगातार निगरानी, नियंत्रित एनेस्थीसिया और न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया तथा ऑपरेशन थिएटर टीम के बीच बेहतर समन्वय महत्वपूर्ण रहा।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की गई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक बताई गई है। फिलहाल वह चिकित्सकीय निगरानी में है और स्वास्थ्य लाभ कर रहा है।
रांची में जटिल ब्रेन सर्जरी के लिए अब तक मरीजों को मुख्य रूप से रिम्स और चुनिंदा निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवा के विस्तार के बाद अब यहां ब्रेन एवं स्पाइन ट्रॉमा, ब्रेन ट्यूमर, सर्वाइकल और लम्बर स्पाइन से संबंधित बीमारियों के अलावा अन्य जटिल न्यूरोसर्जिकल मामलों की सर्जरी भी की जा रही है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि न्यूरोसर्जरी सेवा के विस्तार से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में ही विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने कहा कि अस्पताल की न्यूरोसर्जरी सेवा लगातार नए आयाम की ओर बढ़ रही है। जटिल ब्रेन और स्पाइन सर्जरी का सफलतापूर्वक किया जाना इस सेवा के विस्तार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का प्रयास है कि गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ उपचार सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के भीतर ही उपलब्ध कराया जा सके, ताकि उन्हें महंगे निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े।
सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। ब्रेन एवं स्पाइन ट्रॉमा के साथ ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होना मरीजों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने में न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार और उनकी टीम के अलावा एनेस्थीसिया टीम के डॉ. नीरज और डॉ. ज्योतिका तथा ओटी टीम के अमित, सुरेश, नीली, संजू, नंदिनी और कंचन सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे