डीएसपीएमयू में छात्र संगठनों ने पेन डाउन आंदोलन को वापस नहीं लेने पर दी आंदोलन की धमकी

 




रांची, 23 जुलाई (हि.स.)।

डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में दो दिवसीय पेन डाउन आंदोलन को वापस नहीं लेेेने पर गुरुवार को विभिन्न छात्र संगठनों ने संयुक्त बैठक कर आंदोलन करने की धमकी दी है।

छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को नौ सूत्री मांगों पर कार्रवाई के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि समयसीमा के भीतर सकारात्मक पहल नहीं होने पर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

छात्र संगठनों ने पेन डाउन आंदोलन समाप्त कर शैक्षणिक गतिविधियां बहाल करने, नीट, पीएचडी और जेआरएफ से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान, शिक्षकों की नियुक्ति, बायोमेट्रिक उपस्थिति लागू करने, शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करने और बीबीए, एमबीए, कंप्यूटर विज्ञान, वाणिज्य और जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं में सीट कटौती वापस लेने सहित नौ मांगें रखी।

इस अवसर पर आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने आरोप लगाया कि शिक्षकों की कमी और क्षेत्रीय भाषाओं की सीटों में कटौती से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। आजसू छात्र संघ के बबलू महतो, एनएसयूआई के सतीश केशरी, झामुमो छात्र संगठन के प्रेम प्रतीक केशरी और कमलेश महतो ने भी छात्रहित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर संयुक्त आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

बैठक में आदिवासी छात्र संघ, आजसू छात्र संघ, एनएसयूआई, झामुमो छात्र संगठन, हिंदू छात्र संघ, एबीवीपी, एसएसएआई के प्रतिनिधि शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar