खेल सुविधाओं की बदहाली और अनियमितताओं को लेकर छात्रों ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन

 




रांची, 27 अप्रैल (हि.स.)। आदिवासी छात्र संघ एवं झारखंड स्टूडेंट्स स्पोर्ट्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में खेल सुविधाओं की कमी, खेल मैदान की बदहाल स्थिति और खेल विभाग से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर कुलपति को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ अध्यक्ष विवेक तिर्की ने किया। छात्रों ने कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर को विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों को हो रही समस्याओं से अवगत कराया और खेल विभाग की व्यवस्था में सुधार की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन, खेल सामग्री, उपकरण और खेल मैदान का समुचित रखरखाव उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इसके कारण खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

छात्रों ने उपस्थिति और पुनः परीक्षा से जुड़ी समस्याओं को भी प्रशासन के समक्ष उठाया। उनका कहना था कि कई छात्र-खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों में भाग लेने के कारण कक्षाओं में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने में परेशानी होती है, जिससे उनकी शैक्षणिक प्रगति प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

इस अवसर पर विवेक तिर्की ने कहा कि विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाएं, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और सुरक्षित वातावरण बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को सही संसाधन और निष्पक्ष अवसर मिलें, तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि खेल शिक्षक के खिलाफ लंबे समय से कई शिकायतें मिल रही हैं। छात्रों से अवैध वसूली, महिला छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार तथा चयन प्रक्रिया में अनियमितता जैसे गंभीर मामलों की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में विश्वविद्यालय प्रशासन की चुप्पी छात्रों के बीच असंतोष बढ़ा रही है।

कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी मामलों की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खेल विभाग की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है और खिलाड़ियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सीमा मुर्मू, अनूप यादव, रोहित राज, स्मृति, आकाश गुप्ता, तनु, प्रियांशु सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे। छात्रों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ठोस कदम उठाएगा, जिससे विश्वविद्यालय में खेल और शिक्षा दोनों का बेहतर वातावरण तैयार हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar