कैंब्रियन स्कूल में नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित
रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में सोमवार को इंटर हाउस नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य और कारगिल विजय जैसे समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को संवेदनशील सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना है।
प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने नाटक के माध्यम से नशापान के दुष्परिणामों को रेखांकित करते हुए युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की। मानसिक स्वास्थ्य विषय पर प्रस्तुत नाटक में वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। वहीं कारगिल विजय पर आधारित प्रस्तुति में भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को मंच पर जीवंत रूप से प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।
प्रतियोगिता में सतलज हाउस ने प्रथम, गंगा हाउस ने द्वितीय तथा गोदावरी और यमुना हाउस ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में सभी हाउस इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar