विज्ञान और गणित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
रामगढ़, 01 सितंबर (हि.स.)।
शहर के रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मंगलवार को विज्ञान और गणित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान एवं गणित से जुड़े आकर्षक, ज्ञानवर्धक और उपयोगी मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेश बगड़िया, सचिव शंकर लाल अग्रवाल, प्रधानाचार्य श्रीप्रवीण और आचार्यों ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़ कर किया। इसके बाद अतिथियों और आचार्यों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी ली।
प्रदर्शनी में जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, सौर ऊर्जा, विद्युत, स्वास्थ्य, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, गणितीय संरचनाओं और दैनिक जीवन में गणित के प्रयोग सहित विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान और नवाचार की झलक प्रस्तुत की।
निर्णायक मंडली ने विषय-वस्तु, मौलिकता, रचनात्मकता, उपयोगिता, प्रस्तुतीकरण एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के आधार पर मॉडलों का मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्रदान कर पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुरेश बगड़िया ने कहा कि विज्ञान एवं गणित केवल पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं हैं, बल्कि दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसी प्रदर्शनियों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं नवाचार की भावना विकसित होती है।
विद्यालय के कार्यक्रम प्रमुख सुनील कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनित विद्यार्थी आगामी प्रांतीय स्तरीय विज्ञान एवं गणित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हजारीबाग जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी पूर्व में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं और इस बार भी चयनित विद्यार्थी पूरी तैयारी के साथ प्रांतीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
प्रधानाचार्य श्रीप्रवीण ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में प्रयोग, अनुसंधान, नवाचार एवं समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है। प्रदर्शनी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच देती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश