पृथ्वी दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

 


रांची, 22 अप्रैल (हि.स.)। पृथ्वी दिवस पर आईआईसीसी संस्थान, मेन रोड में छात्रों ने बुधवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों में रचनात्मकता विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।

इस दौरान वेस्ट टू बेस्ट थीम के तहत विद्यार्थियों को बेकार सामग्री से उपयोगी और आकर्षक वस्तुएं बनाने की जिम्मेदारी दी गई। छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विभिन्न कलात्मक और उपयोगी वस्तुएं तैयार कीं, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही थीं।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक डॉ मो महबूब आलम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण भी किया गया, जिसके माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर शिक्षक फरिया आफरीन, हरेंद्र कुमार, स्वीटी कुमारी, सपना कुमारी गुप्ता, दीपाली विश्वास और आमिर आरफीन सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar