छात्र चुनाव को लेकर छात्र संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

 


रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में छात्र संघ चुनाव को लेकर छात्र संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। बुधवार को आदिवासी छात्र संघ (एसीएस), ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त रूप से कुलपति को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र चुनाव कराने की मांग की।

छात्र संगठनों का कहना है कि वर्ष 2019 के बाद से विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव नहीं कराए गए हैं, जिससे छात्रों में असंतोष बढ़ रहा है। मौके पर एसीएस के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कहा कि यदि 30 अप्रैल तक चुनाव से संबंधित अधिसूचना जारी नहीं की गई, तो 05 मई से प्रशासनिक भवन का अनिश्चितकालीन तालाबंदी किया जाएगा।

वहीं आजसू प्रतिनिधि रवि ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर सभी संगठन संयुक्त रूप से भूख हड़ताल करेंगे। एनएसयूआई के सतीश केसरी ने कहा कि फरवरी 2026 में इलेक्टोरल रोल जारी होने के बावजूद चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई है, जिससे छात्रों में आक्रोश है।

छात्र संगठनों ने प्रशासन से जल्द चुनाव तिथि घोषित कर लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

मौके पर आदिवासी छात्र संघ के सीमा मुर्मू, मीना टोप्पो, सोभा रानी,अजीत महतो आजसू के रवि, योगेश, राज, आशीष, मानस सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar