छात्रों की गूंज कराएगी 12 जुलाई को मोरहाबादी में स्टूडेंटस मैराथन

 


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। छात्रों की गूंज, रांची की ओर से स्टूडेंटस मैराथन-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी कार्यक्रम के सिटी कोऑर्डिनेटर कुमार राजा ने गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने कहा कि यह मैराथन 12 जुलाई (रविवार) को प्रातः 06 बजे मोरहाबादी मैदान, रांची से शुरू होगी। प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग सुबह 5.30 बजे से होगी। 05 किलोमीटर की इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, अनुशासन, सामाजिक सहभागिता और छात्र एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित करना है।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 15,000 का पुरस्कार

इस मौके पर बताया गया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 15,000, द्वितीय स्थान पर 10,000 और तृतीय स्थान प्राप्त् करनेवाले प्रतिभागी को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा दोनों वर्गों के शीर्ष पांच विजेताओं को स्मार्ट वॉच भेंट की जाएगी और सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क टी-शर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है।

कुमार राजा ने कहा कि स्टूरडेंटस मैराथन 2026 केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्सव है। 'छात्रों की गूंज' का उद्देश्य छात्रों को एक ऐसा सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता का परिचय दे सकें।

उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि इस आयोजन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कन्हैया कुमार, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और झारखंड सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी और शिल्पी नेहा तिर्की सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने राज्य के सभी छात्र-छात्राओं और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस जनआंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak