विद्यार्थियों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, नियम का पालन करें और जीवन बचाएं
रामगढ़, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि के बीच राधा गोविंद विश्वविद्यालय के छात्रों ने जागरूकता संदेश दिया। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से भौतिकी विभाग के छात्रों ने बुधवार को ‘सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों का पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणाम तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भौतिकी विभाग के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने सुरक्षित ड्राइविंग की आदत अपनाने, यातायात नियमों का सम्मान करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। विद्यार्थियों के प्रेरक भाषणों ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बीएन साह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि 'सड़क सुरक्षा जागरूकता ही सुरक्षित भविष्य की नींव है।' उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश