जेपीएससी भर्ती सुधार यात्रा पहुंची पंच परगना, जनजागरण जारी
रांची, 02 सितंबर (हि.स.)।
जेपीएससी-जेएसएससी सहित अन्य नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में चल रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बुधवार को अपने 10वें दिन रांची जिले के पंच परगना क्षेत्र पहुंची।
यात्रा के दौरान छात्रों और आम लोगों से जनसंपर्क कर नियुक्ति प्रक्रिया में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया गया। आयोजकों के अनुसार यात्रा अब तक राज्य के लगभग आधे भौगोलिक क्षेत्र का भ्रमण कर चुकी है।
यात्रा की शुरुआत सिल्ली के झारखंड मोड़ स्थित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद यात्रियों ने बुंडू मोड़, बंता चौक, पतराहातु, सोनाहातू बाजारटांड़, जमुदाग और जाडैया चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया।
इस अवसर पर यात्रा का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि पंच परगना क्षेत्र में छात्रों और आम लोगों में यात्रा को लेकर उत्साह है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियुक्ति प्रक्रिया में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि युवाओं को उनका अधिकार मिल सके। उन्होंने बताया कि गुरुवार को यात्रा कोल्हान क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यात्रा का उद्देश्य पूरे राज्य में भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर जनजागरण करना है। युवाओं के हित में भरोसेमंद व्यवस्था बनने तक छात्रों की आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।
यात्रा में केसी मेहता, कृष्णा महतो, जाकिर खान, वीरेंद्र महतो, कुलदीप महतो, मदन महतो, राधिका कुमारी, अनूप महतो, अनिता कुमारी, राजेश प्रसाद समेत छात्र, अभिभावक सहित बडी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar