छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपित गिरफ्तार

 


दुमका, 13 अक्टूबर (हि.स.)। छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का दुमका पुलिस उदभेदन करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपित का नाम शशि टुडू (35) है। मामले की जानकारी एसपी पीताम्बर सिंह खेरवाड़ ने प्रेसवार्ता कर दिया। एसपी ने बताया कि डीआईजी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में 11 सदस्य की एसआईटी टीम गठित कर घटना के अनुसंधान में पुलिस जुट गई थी। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्कवाड, फिंगर प्रिंट और एफएसएल टीम एवं मानवीय सूत्रों के सहयोग से आरोपित को पुलिस धर दबोचने में सफल रही। एसपी ने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से हत्या की गई। नाबालिग पर पूर्व से आरोपित की बुरी नजर थी। आरोपित के घर होकर नाबालिग स्कूल आती -जाती थी। आरोपित चार बच्चों का पिता है। आरोपित की पत्नी अन्य राज्य में मजदूरी करती है। एसपी ने बताया कि आरोपित को कड़ी सजा दिलाने को लेकर पर्याप्त साक्ष्य हैं।

एसपी ने बताया कि नाबालिग की पहचान उजागर करने वालों सोशल मीडिया इन्फुलेंसर के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

उल्लेखनीय है कि बीते नौ अक्टूबर को काठीकुंड थाना क्षेत्र में नाबालिग का शव बरामद हुआ था। बताया जाता है कि किशोरी गाय लाने खेत गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। बाद में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। घटनास्थल पर नाबालिग का चप्पल और गाय बांधने वाली रस्सी बरामद हुई थी। आरोपित ने नाबालिग से धान के खेत में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर घटना स्थल से 500 मीटर की दूरी पर झारियों में शव फेक दिया।

घटना के बाद से इलाके में आक्रोश है और लोग आरोपित की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। विभिन्न छात्र संगठन प्रदर्शन और कैडल मार्च निकाल त्वरित कार्रवाई करते हुए न्याय की मांग कर रहे थे।

एसआईटी टीम में पाकुड़ के महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, दुमका एसडीपीओ दिलीप खालको, काठीकुण्ड थाना प्रभारी बीरबल सिंह उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार