सरला बिरला विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट ड्राइव, 326 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन
रांची, 20 मई (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) में बुधवार को आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव के तहत वर्ष 2025 और 2026 बैच के विद्यार्थियों को कई प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष अब तक 326 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयन हो चुका है, जबकि कई कंपनियों के परिणाम अभी लंबित हैं।
विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग के डीन हरिबाबू शुक्ला ने बताया कि विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने के लिए इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग, लाइव प्रोजेक्ट्स और तकनीकी प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विद्यार्थियों के कौशल विकास पर लगातार कार्य कर रहा है।
एसबीयू के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कैंपस भर्ती प्रक्रिया में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस) सहित कई प्रमुख कंपनियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
प्लेसमेंट ड्राइव में टीसीएस के अलावा कॉग्निजेंट, कोटक लाइफ इंश्योरेंस, डेलॉइट, एक्सिस बैंक सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने विद्यार्थियों का चयन किया। फेरो अलॉय क्षेत्र की कंपनी बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड ने भी भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया।
इस अवसर पर एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar