छात्रा का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

 


दुमका, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक आदिवासी छात्रा का शव झाड़ियों से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लाेगाें और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, 9 वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटी थी। घर पर खाना खाने के बाद वह रोजाना की तरह गाय खोलने के लिए मैदानी व खेत वाले इलाके की तरफ गई थी। कुछ देर बाद गाय तो अकेले घर लौट आई, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब छात्रा वापस नहीं पहुंची, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

बेटी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान गांव के पास की झाड़ियों में छात्रा का शव बरामद हुआ, जिसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर विभिन्न पहलुओं पर गहन छानबीन की है। पुलिस की जांच-पड़ताल का सिलसिला जारी रहा और थाना प्रभारी बल के साथ मौके पर जांच कर रहे है। मामले में थाना प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार