विद्यालयों के 100 मीटर दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर होगी कड़ी कार्रवाई
रामगढ़, 29 अगस्त (हि.स.)।
जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को जिला समाहरणालय के सभागार में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति (एनकॉर्ड) की बैठक हुई। इस दौरान बैठक में जिले में संचालित नशामुक्ति अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए गए।
डीसी ने सभी विद्यालयों में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में नशीले पदार्थों की बिक्री एवं उपलब्धता के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाने को कहा। जांच में दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
डीसी ने जिलेभर में दवा दुकानों सहित अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों में योजनाबद्ध तरीके से सघन जांच अभियान चलाने को कहा। ऐसी दवाओं, जिनका दुरुपयोग नशे के लिए किया जा सकता है, उनकी बिक्री, स्टॉक एवं अन्य विवरणों पर विशेष निगरानी रखने और संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में नशे की हालत में वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ जांच अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
डीसी ने जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेषकर रात्रि के समय नशे का सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों और युवाओं पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। आवश्यकता के अनुसार सार्वजनिक और अन्य संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरों एवं नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश