राजस्व वसूली में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई : मेयर

 


रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। रांची नगर निगम ने आंतरिक राजस्व संग्रहण बढ़ाने और बकाया वसूली में तेजी लाने की बात पर मेयर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में शुक्रवार को निगम परिषद की आपात बैठक हुई।

बैठक में होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, दुकान एवं बाजार किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क और यूजर चार्ज समेत निगम के सभी राजस्व स्रोतों की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न शाखाओं के आय-व्यय का मदवार आकलन करते हुए वर्तमान वित्तीय वर्ष के राजस्व संग्रहण की तुलना पिछले वित्तीय वर्षों से की गई।

निर्धारित लक्ष्य और वास्तविक वसूली के बीच अंतर और राजस्व संग्रहण में पिछड़ने के कारणों पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर महापौर ने कहा कि नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक राजस्व में वृद्धि जरूरी है।

इसके लिए सभी संबंधित शाखाएं ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने स्पष्ट तौर पर कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। जिम्मेदारी निभाने में विफल अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षदों, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त और विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar