निगम क्षेत्र के 14,444 स्ट्रीट वेंडर्स को मिला 29.84 करोड़ रुपये का ऋण

 


रांची, 27 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को रांची नगर निगम सभागार में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया।

निगम क्षेत्र में अब तक इस याेजना के तहत 14,444 स्ट्रीट वेंडर्स को 29.84 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों के बीच 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये के सांकेतिक ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

माैके पर रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो ने वेंडर्स से स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील की, जबकि उपमहापौर नीरज कुमार ने योजना को छोटे व्यापारियों के लिए आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बताया। इस दौरान उत्कृष्ट वेंडर्स को आधुनिक ठेले उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

उपमहापौर नीरज कुमार ने स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और योजना से जुड़ी सुविधाओं और अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कई स्ट्रीट वेंडर्स ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि योजना से प्राप्त वित्तीय सहायता से उनके व्यवसाय और आय में सुधार हुआ है। महोत्सव में लाभार्थियों को योजना के प्रथम, द्वितीय और तृतीय ऋण चक्र, समय पर ऋण अदायगी पर मिलने वाली ब्याज सब्सिडी, डिजिटल लेनदेन प्रोत्साहन और व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही स्वनिधि से समृद्धि अभियान के तहत अन्य सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा लाभों से भी अवगत कराया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar