खड़े ट्रक ने ली युवक की जान, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

 




दुमका, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जिला के हंसडीहा-गोड्डा मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खराब होकर खड़े ट्रक से टकराने के कारण रविवार की सुबह रोशन कुमार (२२) नामक युवक की जान चली गई।

गंगवारा गांव के समीप हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर खड़े खराब भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि महज 17 दिनों पूर्व 24 सितंबर को जमशेदपुर में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह की कार भी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। उस हादसे में तृषा सहित चार लोगों की मौत हुई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

जानकारी के अनुसार रोशन कुमार रविवार सुबह स्कूटी से पोड़ैयाहाट जा रहा था। इसी दौरान हंसडीहा थाना क्षेत्र के गंगवारा गांव के समीप सड़क किनारे खराब होकर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से उसकी स्कूटी टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोशन के सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

रोशन पिछले दो वर्षों से गोड्डा के एक निजी क्लीनिक में कंपाउंडर के पद पर काम कर रहा था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता भुवनेश्वर मंडल हंसडीहा में मिठाई की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और स्कूटी जब्त कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार