चोरी का ट्रैक्टर बरामद, तीन गिरफ्तार
रामगढ़, 12 मई (हि.स.)।
रामगढ़ जिले के बासल थाना क्षेत्र में हुई ट्रैक्टर चोरी की घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी किया गया जॉन डियर ट्रैक्टर (जेएच 01 डीएन 8266) ट्रॉली सहित बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में उपयोग की गई एक ब्रेजा कार( जेएच 24 डी 9310) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
उक्त जानकारी मंगलवार को पतरातू एसडीपीओ राधवेंद्र शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली कि बासल थाना (कांड संख्या 05/26) के आरोपित कैंथा मोड़ के पास देखे गए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ पतरातू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने कैंथा मोड़ के पास छापेमारी कर तीनों अपराधियों को धर दबोचा। साथ ही चोरी की ट्रैक्टर ट्राली सहित बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में रांची रोड मरार निवासी मुराहु प्रसाद का पुत्र सुनील कुमार, हेसला निवासी सिटुआ बेदिया का पुत्र बिलेश कुमार व कैथा मोड़ निवासी गजेंद्र नाथ करमाली का पुत्र सरोज कुमार शामिल हैं।
बताया गया कि सुनील कुमार का पूर्व में भी अपराधिक इतिहास रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश