चोरी का ऑटो बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार

 




रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। रांची के जगरनाथपुर थाना पुलिस ने दो लोगों को छड़ से लदा ऑटो चोरी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी कर चोरी हुए छड़ से लदे ऑटो को भी बरामद किया है।

थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह ने बताया कि 11 सितंबर की दोपहर करीब 03 बजे साहू स्टील दुकान से ऑर्डर के अनुसार छड़ को लाल रंग के ऑटो में लोड कराया गया। ऑटो चालक संतोष कुमार को शाम करीब 05 बजे छड़ की डिलीवरी करनी थी। समय से पहले पहुंचने पर चालक ने छड़ लदे ऑटो को सड़क किनारे खड़ा कर दिया, जब चालक डिलीवरी के लिए वापस लौटा तो ऑटो मौके से गायब था।

आसपास काफी खोजबीन के बाद भी जब वाहन का पता नहीं चला तो जगरनाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान 12 सितंबर को करीब 11 बजे हरमू गंगानगर रोड नंबर-2 से चोरी हुए ऑटो को बरामद किया। ऑटो में लदा छड़ भी पुलिस ने बरामद किया है।

इस मामले में पुलिस ने धर्मेंद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह उर्फ बौना हरमू निवासी और विक्की वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से लाल रंग का टेम्पू, 08 एमएम छड़ के 10 बंडल, 10 एमएम छड़ के 07 बंडल बरामद किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे