नशे के खिलाफ पुलिस ने चलाया अभियान

 


रामगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर जिले की पुलिस छात्रों के बीच जागरूकता अभियान चला रही है। अभियान के तहत मंगलवार को वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी दीपक कुमार की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। ओपी प्रभारी डॉ भीमराव अंबेडकर विद्यालय पहुंचे और बच्चों को नशे से दूर रहने की नसीहत दी। इस दौरान क्लास में ही ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने छात्रों को यह संदेश दिया कि वे नशे से दूर रहें और शिक्षा पर पूरा ध्यान दें। नशा न सिर्फ उनकी बर्बादी करेगा, बल्कि उनके पूरे परिवार को परेशानी में डाल देगा।

ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने पोक्सो एक्ट और साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी भी छात्र-छात्राओं को दी। उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में साइबर फ्रॉड अलग-अलग तरीके से हो रहे हैं। जब तक कोई भी चीज आप समझ ना लें, तब तक किसी भी तरह का ऑनलाइन पेमेंट या ओटीपी शेयर न करें। यहां तक कि व्हाट्सएप पर आने वाले एपीके फाइल भी डाउनलोड ना करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपने परिजनों को भी जागरूक करने की नसीहत दी।

ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राएं जब घर जाएं तो अपने माता-पिता और अन्य परिवार के सदस्यों को भी इन सभी मामलों की जानकारी दें। कम उम्र की बच्चियों के साथ होने वाले अपराध भी आज के समय में काफी बढ़े हैं।

महानगरों के अलावा ग्रामीण परिवेश में भी छोटी बच्चियों के साथ अपराध हो रहे हैं। ऐसे अपराध में चुप्पी साधना गलत है, क्योंकि उनकी एक चुप्पी अपराधियों का मनोबल बढ़ा सकती है। ऐसे मामले में परिवार के सदस्यों के साथ पुलिस को जानकारी जरूर दें, ताकि समाज के अपराधियों को उनकी जगह दिखाई जा सके। उन्होंने कहा कि विकट परिस्थिति में पुलिस के हेल्पलाइन डायल नंबर 112 का उपयोग जरूर करें। पुलिस का सहयोग उन तक जरूर पहुंचेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश