दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर आदमकद प्रतिमा का अनावरण

 


देवघर, 04 अगस्त (हि.स.)। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को देवघर एयरपोर्ट के समीप आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। समारोह में राज्य के मंत्री हफीजुल हसन ने प्रतिमा का लोकार्पण कर दिशोम गुरु को श्रद्धासुमन अर्पित किया।

कार्यक्रम में सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, नर्सिंग मुर्मू, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, एसडीपीओ कुलदीप कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम लोग उपस्थित थेे। इस दौरान वक्ताओं ने झारखंड आंदोलन, झामुमो के गठन और राज्य निर्माण में शिबू सोरेन के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल हसन सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु का संघर्ष, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और जनहित के लिए किया गया आजीवन समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने आदिवासी समाज के उत्थान और झारखंड की अस्मिता की रक्षा के लिए किए गए उनके योगदान को भी याद किया।

श्रद्धांजलि सभा के बाद मंत्री, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दिशोम गुरु को नमन किया और उनके आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर राज्यभर में भी विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाएं, माल्यार्पण और स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, सारठ विधानसभा क्षेत्र के झामुमो नेता परिमल सिंह, देवघर महापौर रवि राउत, जिलाध्यक्ष संजय कुमार शर्मा, सुरेश साह, इस्तियाक मिर्जा, उपमहापौर टिप चटर्जी, लड्डू नरोने सहित कई लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy