महंगाई पर कांग्रेस का विरोध राजनीतिक नौटंकी की पराकाष्ठा : आदित्य
रांची, 16 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी की ओर से महंगाई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने पर इसे घिनौनी हरकत बताया है। उन्होंने कहा है कि इतनी दुर्दशा के बाद भी कांग्रेस घिनौनी राजनीति से बाज नहीं आ रही है और लोगों को गुमराह करने के नाकाम प्रयास में जुटी है। इस प्रकार की ऊटपटांग हरकतों को देख कांग्रेस की बुद्धि पर तरस आ रही है। जनता की ओर से इतने तिरस्कार के बावजूद अभी भी कांग्रेस को सद्बुद्धि नहीं मिली है।
साहू ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह राजनीतिक नौटंकी की पराकाष्ठा है। वैश्विक संकट से पूरा विश्व जूझ रहा है। भारत में ना पेट्रोल का कुंआ है और ना डीजल का। प्रधानमंत्री ने तो महंगाई पर काफी नियंत्रण किया हुआ है। 115 देशों में मूल्य वृद्धि हुई है। भारत में तीन रुपये की वृद्धि पर ही इतना उछल रहे हैं। कांग्रेस को अपने जमाने को याद करना चाहिए।
साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्व में पेट्रोल डीजल पर कई बार उत्पाद शुल्क कम किया। कांग्रेस वास्तव में जनता की बहुत हितकर है तो झारखंड सरकार 22 प्रतिशत जो वैट ले रही है और 01 रुपये सेस लिया जा रहा है, उसे क्यों नहीं कम किया जाता है। राज्य में कांग्रेस सत्ता में है, उसे वैट कम करने से किसने रोका है। केवल मलाई खाने के लिए सत्ता से कांग्रेस चिपकी हुई है। अब राजनीतिक नौटंकी से काम नहीं चलने वाला है। जनता सारी चीजों को समझ रही है जो थोड़ी बहुत कसर बाकी है, आने वाले चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे