झारखंड को हजार हाथों से लूट रही हेमंत सरकार : आदित्य

 


रांची, 18 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने राज्य में फोरेंसिक डिटेक्टिव उपकरण में हुई करोड़ों की लूट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। साहू ने कहा कि हेमंत सरकार लूट और भ्रष्टाचार की सरकार बन गई है। राज्य सत्ता के संरक्षण में रोज घोटाले हो रहे। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार एक दो नहीं बल्कि हजार हाथों से झारखंड को लूट रही है।

साहू ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिस क्षेत्र में हाथ डालो, जिस विभाग में जाओ घोटाले ही घोटाले हैं। पंचायत से लेकर सचिवालय तक

मंत्री से लेकर मंत्रालय तक चौतरफा लूट मची है। बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा है।

उन्होंन कहा कि गरीब आदमी राज्य में पेंशन केलिए तरस रहा है। विद्यार्थी किताब, ड्रेस और छात्रवृत्ति के लिए तरस रहे हैं और राज्य सरकार खजाना को लूटने में जुटी है।

साहू ने कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार का मुंह सुरसा के मुंह से भी बड़ा हो गया है। जिसका परिणाम है राज्य में फॉरेंसिक डिटेक्टिव उपकरण की खरीद 229 प्रतिशत अधिक कीमत पर हुई है।

उन्होंने कहा कि जिस मशीन को उसी कंपनी से दिल्ली की सरकार ने 19 लाख 9 हजार 424 रूपये में खरीदा है उसे झारखंड सरकार ने चार गुने कीमत पर 74 लाख 89 हजार रुपए में खरीदा है।

उन्होंने कहा कि ये भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है। राज्य सरकार लूट खसोट की हद तक पहुंच गई है। जिस राज्य में गरीबों को शुद्ध पीने का पानी नहीं मिल रहा हो ,गरीबों को एंबुलेंस नहीं मिल रहा हो, वहां खजाने का बंदरबांट अक्षम्य अपराध है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यदि बेदाग हैं तो इस खरीद की उच्च स्तरीय जांच अविलंब कराएं। उपकरण खरीद से संबंधित फाइल अविलंब जब्त की जाए और राज्य को लूटने वाले ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारियों को सेवा से बर्खास्त करने की कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग राज्य को दीमक की तरह खोखला कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे