झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य पर अविलंब दर्ज हो मुकदमा : मनोज कुमार सिंह

 


रांची, 22 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर पलटवार करते हुए चुनाव आयोग से एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

श्री सिंह ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्य का सत्ताधारी गठबंधन पहले से ही निकाय चुनाव में हार के परिणाम की आशंका से भयभीत है। इसीलिए राज्य सरकार ने दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराए।इतना ही नहीं तकनीक के इस युग में भी हेमंत सरकार ने बैलेट से निकाय चुनाव कराने का निर्णय लिया ताकि पुलिस प्रशासन को टूल किट बनाकर चुनाव को प्रभावित कर सकें।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद जब इनके समर्थित उम्मीदवारों की हार दिखाई पड़ रही तो झामुमो अनर्गल आरोप लगाने पर उतारू है। अपराधियों,गुंडों से पूरे राज्य में दहशत फैलाए जा रहे। उन्होंने कहा कि एक तरफ दहशत,भय,आतंक दूसरी ओर भ्रम,दुष्प्रचार का सहारा।

उन्होंने कहा कि अगर झामुमो में थोड़ी भी राजनीतिक समझ,नैतिकता है तो अविलंब बाबूलाल मरांडी के द्वारा पैसे बांटने की बात साबित करे। पुलिस प्रशासन उसके हाथों में है।

सिंह ने कहा कि एक तरफ आचार संहिता की बड़ी—बड़ी बातें सुप्रियो भट्टाचार्य कर रहे और दूसरी तरफ चुनाव प्रचार की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी रांची नगर निगम के लिए झामुमो के समर्थित उम्मीदवार के लिए खुलेआम चुनाव चिन्ह बताकर वोट मांग रहे हैं।

सिंह ने कहा कि केवल अपने प्रत्याशी की ही नहीं बल्कि राज्य के पुलिस प्रशासन के सहारे वोट को प्रभावित करने की मंशा भी सुप्रियो भट्टाचार्य की प्रेसवार्ता में उजागर हुआ है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे