अर्बन नक्सलवाद की मानसिकता से चल रहा झामुमो : भाजपा
रांची, 22 मई ( हि.स.)। भाजपा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की प्रेस वार्ता पर पलटवार करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों के बाद झामुमो पूरी तरह हताश, निराश और राजनीतिक असुरक्षा से ग्रस्त होकर अनर्गल बयानबाजी पर उतर आया है।
भाजपा प्रवक्ता अजय साह ने शुक्रवार को कहा कि लगातार जनसमर्थन घटता देख झामुमो अब तथ्यों और विकास की राजनीति छोड़ केवल भ्रम, डर और झूठ फैलाने की कोशिश कर रहा है।
अजय साह ने कहा कि वर्ष 2013 में कांग्रेस की सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को ऐसे हालात में पहुंचा दिया था कि पहली बार देश में फाइनेंशियल इमरजेंसी लगाए जाने तक की चर्चा होने लगी थी। लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया में ब्राइट स्पॉट बनकर उभरा है और विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। आज कई देश भारत के आर्थिक मॉडल, डिजिटल विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर नीति को अपनाने की कोशिश कर रहे हैं। यही बात विपक्षी दलों को सबसे ज्यादा परेशान कर रही है, क्योंकि उन्हें मोदी सरकार की बढ़ती लोकप्रियता और जनता का विश्वास स्वीकार नहीं हो रहा।
प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने झारखंड को कांग्रेस शासनकाल की तुलना में दोगुना-तिगुना अधिक राशि दी, लेकिन राज्य में हर योजना भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में 90 प्रतिशत भुगतान लेने के बावजूद केवल 55 प्रतिशत काम हुआ। पीएम श्री योजना में फर्जी बिल बनाकर सरकारी पैसे की बंदरबांट की गई। आयुष्मान भारत योजना में फर्जी मरीजों और फर्जी अस्पतालों के नाम पर करोड़ों रुपये की निकासी हुई। उन्होंने कहा कि जनता के विकास का पैसा योजनाओं में नहीं, बल्कि भ्रष्ट तंत्र और सत्ता से जुड़े लोगों की जेब में गया।
अजय साह ने कहा कि झामुमो की असली बेचैनी केंद्र की योजनाओं से नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के रास्ते चल रहे कोयला और बालू के अवैध कारोबार पर बढ़ती जांच से है। भाजपा सरकार बनने के बाद इन अवैध नेटवर्क और संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई तय है, इसलिए झामुमो बौखलाहट में बयान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को हटाने और अस्थिरता पैदा करने की मानसिकता दरअसल अर्बन नक्सलवाद सोच का हिस्सा है। यह वही विचारधारा है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर अराजकता फैलाने में विश्वास रखती है। अजय ने कहा कि जैसे मोदी सरकार ने देश में नक्सलवाद को निर्णायक रूप से समाप्त किया है, वैसे ही आने वाले समय में अर्बन नक्सलवाद की सोच और उसे संरक्षण देने वाले नेटवर्क पर भी कड़ा प्रहार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे