कांग्रेस नौटंकीबाज पार्टी है, बंद करे अपनी नौटंकी : आदित्य साहू
रांची, 21 जुलाई(हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने लोकभवन के समक्ष कांग्रेस के धरना को नौटंकी करार दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस नौटंकीबाज पार्टी है, कांग्रेस अपना नौटंकी बंद करें। युवाओं के नाम पर भाजपा नहीं बल्कि कांग्रेस राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दल यह समझ चुके हैं कि लोकतांत्रिक तरीके से इस देश में वे सत्ता में नहीं आ सकते, इसलिए हताशा में इस प्रकार के उलूल जुलूल कार्यों को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस के गठबंधन से झारखंड में सरकार चल रही है। उनकी अपनी सरकार में जेपीएससी, जेएसएससी में हो रही लगातार अनियमितता क्यों नहीं दिखती है। खुलेआम पेपर लीक हो रहा है, नौकरियां बेची जा रही है, इसके खिलाफ कांग्रेस धरना प्रदर्शन क्यों नहीं करती। इस मुद्दे पर उनकी जुबान क्यों सील जाती है। 19 युवक उत्पाद सिपाही दौड़ में मारे गए, तब इन्हें युवा याद नहीं आते। उन्होंने कहा कि झारखंड में लाखों पद खाली पड़े हैं, बेरोजगारी बड़ा गंभीर मामला है। इसपर कांग्रेस और उनकी सहयोगी दल कुछ नहीं बोलते हैं।
साहू ने कहा कि इस धरना के माध्यम से कांग्रेस झारखंड में हो रही तमाम परीक्षाओं में गड़बड़ियों पर और युवाओं के साथ किए गए छल पर भी स्थिति को स्पष्ट करें। लगातार पेपर लीक हो रहा है, इसमें संलिप्त लोग लगातार गड़बड़ियां कर रहे हैं। कांग्रेस बताए कि इसके खिलाफ उन्होंने क्या कार्रवाई की, यह लोग पकड़े क्यों नहीं जा रहे हैं। कांग्रेस पहले अपना चाल, चरित्र और चेहरा देखे, तब दूसरे पर दोषारोपण करे।
प्रदेश अध्यक्ष साहू ने कहा कि इस मामले में कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों का असली चेहरा सामने आ चुका है। युवाओं को आगे करके देश में बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात पैदा करने की इनकी मंशा जब फेल हो गई तो पर्दे के पीछे जो तमाम चेहरे थे वे सारे चेहरे धीरे-धीरे सामने आकर यहां अराजकता फैलाने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के कंधे पर कांग्रेस बंदूक चलाना बंद करें। कांग्रेस युवाओं को गुमराह करना बंद करें। यह नरेंद्र मोदी की सरकार है। नरेंद्र मोदी सरकार को कांग्रेस से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे