अनीता देवी हत्याकांड के सभी फरार आरोपितों की हो अविलंब गिरफ्तारी : आदित्य

 


रांची, 07 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु ने

बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र की एक दलित गर्भवती महिला अनीता देवी की हत्याकांड के आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि अनीता देवी के परिजनों को जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आ रही है। इसी साल 29 मई को कोयला माफियाओं की निर्मम पिटाई के कारण अपनी जान गंवाने वाली अनीता देवी के परिजनों ने इस संबंध में उनसे रांची में मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए अपनी जान माल की रक्षा करने एवं न्याय दिलाने की अपील की है।

प्रदेश अध्यक्ष ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उनसे मुलाकात के दौरान स्वर्गीय अनीता देवी के पति महेश भुइंया, उनकी बेटी मान्या कुमारी और बेटे आदि कुमार ने बताया कि इस मामले में सभी आरोपितों की गिरफ्तारी आज तक पुलिस ने नहीं की है। पुलिस की ओर से कुल 17 आरोपितों में से 09 की ही गिरफ्तारी की गई है और 08 आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। मामले में जो नामजद लोग बाहर घूम रहे हैं वे खुलेआम जान से मारने की धमकी दे ही रहे हैं और जेल जाने वाले लोग भी बाहर निकलने पर जानमाल के नुकसान पहुंचाने की बात कर रहे हैं। इससे उनका पूरा परिवार डरा-सहमा है।

इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में भारतीय जनता पार्टी पहले दिन से ही काफी गंभीर है और पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

उन्होंने बताया कि जलावन के लिए कोयला चुन कर आ रही इस दलित महिला को खुलेआम पीट-पीट कर मार डाला गया। सभी ने देखा कि इस मामले में घटना वाले दिन कैसे राज्य सरकार, डीसी, एसपी, स्थानीय कांग्रेस विधायक के इशारे पर मामले को मैनेज करने का हरसंभव प्रयास किया गया। मामले में जब भाजपा ने बोकारो चक्का जाम का अल्टीमेटम दिया तब स्थानीय पुलिस कुछ नामजद लोगों की गिरफ्तारी दिखाकर अपना दामन बचाने का असफल प्रयास किया।

उन्होंने मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से स्पीडी ट्रायल कर दोषियों को सजा देने की मांग पुलिस प्रशासन से की है। साथ ही कहा कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा भी मुहैया कराई जानी चाहिए।

मौके पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, बोकारो की जिला उपाध्यक्ष अर्चना सिंह मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak