नीति पर नहीं, अब मोदी के माता-पिता पर गालियों की बौछार कर रही कांग्रेस : प्रतुल
रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।
शाहदेव ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस अब नीतिगत मुद्दों पर मुकाबला करने के बजाय व्यक्तिगत हमलों की राजनीति पर उतर आई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, निर्णयों और सरकार के कामकाज की आलोचना करने का कांग्रेस को पूरा अधिकार है, लेकिन राजनीतिक विरोध में उनके दिवंगत पिता को लेकर अमर्यादित टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। चुनाव नहीं जीत पाने वाला विपक्ष में पिछले 12 वर्षों में मोदी जी पर रिकॉर्ड 133 बार अमर्यादित भाषा और गालियों का प्रयोग किया है। जब नीतियों पर जवाब देने की क्षमता कमजोर पड़ती है, तो कांग्रेस व्यक्तिगत हमलों का सहारा लेने लगती है।
शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ पद पर बैठे व्यक्ति से सार्वजनिक जीवन में शालीनता और मर्यादा की अपेक्षा की जाती है। प्रतुल ने कहा खड़गे वास्तविकता में राहुल गांधी की जुबान बोल रहे हैं। राहुल गांधी भी मोदी और अमित शाह के लिए ऐसे ही जहरीले बोल निकालने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने मांग की कि खरगे अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
शाहदेव ने कहा कि मौजूदा दौर में कांग्रेस अब कांग्रेस (जी) यानी कांग्रेस गालीबाज पार्टी बन गई है।
शाहदेव ने कहा कि भाजपा हर नीतिगत सवाल का जवाब तथ्यों के साथ देने को तैयार है। लेकिन व्यक्तिगत अपमान को राजनीतिक हथियार बनाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। कांग्रेस को समझना चाहिए कि मोदी पर व्यक्तिगत हमले करके न तो जनता का विश्वास जीता जा सकता है और न ही अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे