वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम को जन-आंदोलन बनाने पर जोर

 




रांची, 30 जुलाई (हि.स.)।

मलेरिया, लिम्फेटिक फाइलेरिया सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक गुरुवार को नेपाल हाउस स्थित योजना एवं विकास विभाग के सभागार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय सिंह की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में रोगों की वर्तमान स्थिति, रोकथाम गतिविधियों, अंतर-विभागीय समन्वय और आगामी रणनीतियों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव ने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, कालाजार, जापानी इंसेफेलाइटिस और लिम्फेटिक फाइलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम न सिर्फ स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी बल्कि अन्या विभाग भी समंवय स्थासपित करें।

ग्रामीण विकास, पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, श्रम, पेयजल एवं स्वच्छता सहित सभी संबंधित विभागों को मिलकर जन-आंदोलन के रूप में कार्य करना होगा। उन्होंने विभागवार जिम्मेदारियां तय कर जिला से पंचायत स्तर तक प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जून 2026 तक राज्य में मलेरिया के 16,728 मामले दर्ज हुए, जिनमें पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में लगभग 76 प्रतिशत मामले हैं। जून माह में डेंगू के 77 मामले सामने आए, जिनमें सर्वाधिक 27 मामले रांची से दर्ज किए गए।

उच्च प्रभावित क्षेत्रों में समय पर जांच, उपचार, दवा उपलब्धता, मच्छर नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में लिम्फेटिक फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम, सर्वजन दवा सेवन अभियान, रुग्णता प्रबंधन तथा हाइड्रोसील उपचार की समीक्षा भी की गई। बैठक में एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा, स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय निदेशक रविशंकर, उप सचिव अश्विनी कुमार सहित विभिन्न विभागों एवं सहयोगी संस्थाओं के अन्‍य प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar