राज्य सरकार प्लास्टिक उद्योग से जुड़े निवेश पर करे सम्मेलन आयोजित : चेंबर
रांची, 02 जून (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों और संताल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल के बीच मंगलवार को महत्व पूर्ण बैठक हुई।
बैठक में संताल परगना क्षेत्र, विशेषकर देवघर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास एवं उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए आवश्यक नीतिगत पहल और आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संताल परगना चेंबर के पदाधिकारियों ने हाल ही में झारखंड चेंबर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के दौरे के दौरान चिन्हित समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उद्योग सचिव और जियाडा के प्रबंध निदेशक के हस्तक्षेप से कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू हुई है, जिससे उद्योग जगत में सकारात्मक संदेश गया है।
बैठक में देवघर स्थित प्लास्टिक पार्क के जल्द संचालन, लंबित प्लॉटों के आवंटन और नए निवेशकों को आकर्षित करने के उपायों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
देवघर प्लास्टिक पार्क झारखंड के औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना
संताल परगना चेंबर के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि देवघर प्लास्टिक पार्क में लगभग 95 प्रतिशत आधारभूत संरचना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्लास्टिक उद्योग से जुड़े निवेशकों और एसोसिएशनों के साथ मिलकर एक बड़े निवेश सम्मेलन का आयोजन करे। साथ ही कहा कि प्लास्टिक पार्क के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज और आकर्षक औद्योगिक नीति लागू करे तो इससे बड़ी संख्या में जिले में रोजगार का सृजन सम्भव है।
चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि देवघर प्लास्टिक पार्क झारखंड के औद्योगिक विकास की दृष्टि से एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने प्लास्टिक उद्योग से जुड़े निवेशकों को आकर्षित करने और पार्क में उद्योग स्थापना को गति देने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर निवेशक सम्मेलन आयोजित कराने के लिए झारखंड चेंबर की ओर से हरसंभव प्रयास के लिए आश्वस्त किया। यह भी कहा कि झारखंड चेंबर राज्य के सभी औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिसके निकट भविष्य में सकारात्मक परिणाम आएंगे।
ठक में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, संताल परगना चेंबर के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अलोक मल्लिक सहित देवघर जिले के अन्य उद्यमी शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak