राज्य सरकार ने संसाधनों को बेचकर झारखंड को पहुंचा दिया गर्त में : सुदेश
गुमला, 26 अक्टूबर (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि जिस देश की 40 प्रतिशत खनिज संपदा पर हम सभी राज्यवासी गर्व करते थे, जिसके आधार पर हमारे राज्य का संपूर्ण विकास होना था और गरीबी दूर होनी थी, राज्य की मौजूदा सरकार ने उसे बेचकर राज्य को गर्त में पहुंचा दिया है। इसलिए हम सभी को एकजुट होकर इससे लड़ना है और यह बताना बहुत जरूरी है कि इस राज्य की जल, जंगल और जमीन पर सिर्फ और सिर्फ यहां की जनता का अधिकार है। सुदेश सोमवार को गुमला के नगर भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर कई लोगों ने पार्टी का दामन थामा। मौके पर सुदेश ने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा राज्य के लोगों की समृद्धि और विकास का आधार बननी चाहिए। राज्य के संसाधनों का उपयोग आम जनता के हित में हो और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना जरूरी है।
भरनो में हुआ भव्य स्वागत, पदयात्रा में उमड़ी भीड़
सुदेश के गुमला जिले के भरनो पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने बाइक से जुलूस निकाला।
गुमला आगमन के दौरान सुदेश ने स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों के साथ पदयात्रा की। इस दौरान लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इसके बाद वे नगर भवन पहुंचे, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया गया। मौके पर सरकार
सुदेश महतो ने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने प्रतिनिधियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपती है, न कि किसी परिवार को राजसत्ता सौंपने के लिए जनादेश देती है।
उन्होंने झारखंड आंदोलन में दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के लिए संघर्ष किया और जनता की आवाज बने। हालांकि, उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के आधार पर यह मान लेना उचित नहीं है कि अगली पीढ़ी में भी स्वतः वही राजनीतिक चेतना और नेतृत्व क्षमता होगी।
राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष न ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है और न ही आगे का कोई रोडमैप बता रहा है। सात साल से सरकार है, लेकिन आप किसी भी मंत्री और अधिकारी से जाकर पूछेंगे तो उनके पास न कोई जवाब है, न ही रोडमैप। बस ऐसे ही बिना किसी जिम्मेदारी और जवाबदेही के सरकार चल रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने, स्थानीय समस्याओं को समझने और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।
सम्मेलन में गुमला जिले के सभी 12 प्रखंडों और 159 पंचायतों से पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में युवराज राम मनोहर नाथ शाहदेव और गोवर्धन सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों युवा, महिला एवं समाजसेवियों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सुदेश महतो ने सभी नए सदस्यों को माला पहनाकर और पार्टी का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव अंजू देवी, उमेश सिंह भोगता, केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह मोहसिन खान, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा एवं युवा आजसू प्रभारी प्रताप सिंह सहित पार्टी के कई केंद्रीय एवं जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak