जमशेदपुर में 07-08 अगस्त को होगा युवा आजसू का प्रदेश अधिवेशन

 


रांची, 03 अगस्त (हि.स.)। आगामी 07 एवं 08 अगस्त को जमशेदपुर में आयोजित होने वाले युवा आजसू के दो दिवसीय प्रदेश अधिवेशन की तैयारियों को लेकर सोमवार को आजसू पार्टी के हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में युवा आजसू के प्रदेश संयोजकों और पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने की। इस दौरान अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा की गई और संगठनात्मक कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि युवा आजसू का यह प्रदेश अधिवेशन संगठन के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि अधिवेशन के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा, नया नेतृत्व और नई दिशा मिलेगी। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, वैचारिक स्पष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करना आजसू की प्राथमिकता है तथा इसी उद्देश्य से संगठन लगातार युवाओं को जोड़ने का कार्य कर रहा है।

बैठक के दौरान युवा आजसू के ऑनलाइन सदस्यता एवं पंजीकरण अभियान का भी शुभारंभ किया गया। सुदेश महतो ने बताया कि सात अगस्त को आयोजित प्रतिनिधि सम्मेलन में संगठनात्मक विस्तार, भावी रणनीति तथा विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। वहीं, आठ अगस्त को झारखंड आंदोलन के अमर सेनानी शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। इसी अवसर पर संगठन के आगामी कार्यक्रमों और जनआंदोलनों की भी घोषणा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन में राज्यभर के पंचायत, प्रखंड, जिला, प्रदेश और शहरी निकायों से बड़ी संख्या में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक में प्रचार-प्रसार, पंजीकरण, आवास, भोजन, परिवहन, अनुशासन और कार्यक्रम संचालन सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव दीपक महतो, केंद्रीय महासचिव संजय महतो, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय सचिव हरीश सिंह, ज्ञान सिन्हा, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक मो. जब्बार, छात्र आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भर्ती घोटालों पर सरकार को घेरा

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में सामने आए भर्ती घोटालों ने युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं से विश्वास तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल सीआईडी जांच के भरोसे मामले को ठंडे बस्ते में डालना चाहती है, जबकि युवाओं को निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की अपेक्षा है।

उन्होंने मांग की कि 14वीं जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती घोटालों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराई जाए। साथ ही जेपीएससी के वर्तमान सदस्यों को तत्काल हटाकर सेवानिवृत्त न्यायाधीशों और विशेषज्ञों की स्वतंत्र समिति गठित की जाए, जो पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच करे।

सुदेश महतो ने कहा कि सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि भविष्य में होने वाली नियुक्तियों को किस प्रकार पारदर्शी बनाया जाएगा और अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर कैसे सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी छात्रों और युवाओं के संघर्ष के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। पार्टी का स्पष्ट एजेंडा पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त परीक्षाएं, न्यायपूर्ण रोजगार तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार सुनिश्चित करना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak