मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा के निधन पर प्रदेश भाजपा ने जताया दुख

 


रांची, 24 सितंबर (हि.स.)। जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के आकस्मिक निधन पर झारखंड में शोक की लहर है। मंत्री की बेटी के निधन पर प्रदेश भाजपा के नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। सभी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर दुख जताया है।

बाबूलाल मरांडी ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा है, सड़क दुर्घटना में घायल बच्ची के असामयिक निधन की हृदयविदारक सूचना से मर्माहत हूं। ईश्वर शोकाकुल परिवार को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने लिखा है, झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री के जमशेदपुर में सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल माता-पिता एवं समस्त परिवारजनों को इस अपार दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें।

अर्जुन मुंडा ने लिखा है, जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की सुपुत्री एवं अन्य लोगों के असामयिक निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता के लिए जीवन का सबसे कठिन और असहनीय दुःख होता है। इस अत्यंत पीड़ादायक समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें।

सांसद संजय सेठ ने लिखा है, जमशेदपुर में एनएच पर हुए सड़क हादसे में झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी सहित अन्य लोगों के असामयिक निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। किसी भी परिवार के लिए अपनी संतान को खोने का दुःख शब्दों से परे होता है। इस कठिन समय में मैं दीपिका जी और सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. इस अपूरणीय क्षति की पीड़ा को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और सभी परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति एवं संबल दें।

भाजपा नेता अन्नपूर्णा देवी ने लिखा है, जमशेदपुर में सड़क दुर्घटना में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की पुत्री के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस अकल्पनीय दुःख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं मंत्री और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने लिखा है, जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की पुत्री का निधन हो गया। इस समय आपको हिम्मत बढ़ाने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे