रामगढ़ में बनेगा आधुनिक स्टेडियम, मुर्रामकला के पहाड़ों पर विकसित होगी ट्रैकिंग सुविधा
रामगढ़, 02 जून (हि.स.)। रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज जिले में विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में लगातार पहल कर रहे हैं। इसी क्रम में जिले को आधुनिक स्टेडियम और पहाड़ों पर ट्रैकिंग सुविधा की सौगात देने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
उपायुक्त ने मंगलवार को बताया कि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड से संचालित होने वाली विकास योजनाओं में इन दोनों परियोजनाओं को शामिल किया गया है। डीएमएफटी न्यास समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी इन प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी है।
उन्होंने कहा कि मुर्रामकला के जंगलों और पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता को पर्यटन और साहसिक गतिविधियों से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत ट्रैकिंग रूट विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को प्रकृति के बीच रोमांचक अनुभव मिल सकेगा। परियोजना के लिए वन विभाग के साथ समन्वय कर विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में खेल गतिविधियों के लिए समर्पित स्टेडियम का अभाव है। इसे देखते हुए बहुउद्देशीय स्टेडियम निर्माण की योजना बनाई गई है। रामगढ़ छावनी परिषद के सीईओ विवेक कुमार सिंह ने इसके लिए सरकारी भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया है। भूमि चिन्हित होने के बाद वहां खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं, दर्शक दीर्घा, शेड और अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। परियोजना की लागत का आकलन भी तैयार किया जा रहा है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश