हिंदपीढ़ी में एसएसपी की जन-वार्तालाप, नशे व अपराध पर अंकुश लगाने के निर्देश

 


रांची, 05 सितंबर (हि.स.)।

रांची के हिंदपीढ़ी क्षेत्र में शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जन-वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में हिंदपीढ़ी क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और वार्डों के प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों के साथ विधि-व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई।

रांची पुलिस की ओर से आम लोगों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से जन-वार्तालाप कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह चौथे चरण की बैठक थी। पिछले चरण की बैठकों में स्थानीय लोगों से मिले सुझावों को लागू किए जाने के बाद क्षेत्र में हुए सकारात्मक बदलावों को लेकर लोगों ने रांची पुलिस की सराहना भी की।

बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विधि-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याओं को एसएसपी के समक्ष रखा। समस्याओं को सुनने के बाद एसएसपी ने मौजूद पुलिस अधिकारियों को बिंदुवार आवश्यक कार्रवाई और समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

एसएसपी ने नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए स्थानीय लोगों से अपराध, नशे के कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में पुलिस का सहयोग करने को कहा।

उन्होंने स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। खासकर छात्राओं के आने-जाने के समय लगातार गश्ती करने और जरूरत के अनुसार सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर निगरानी रखने को कहा गया। इसके अलावा आम लोगों की शिकायतों, विशेषकर महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और जरूरतमंद लोगों को पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली, हिंदपीढ़ी, कोतवाली और डेलीमार्केट थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं स्थानीय स्तर पर जयसिंह यादव, साहेब अली, सागर कुमार, मो. शकील हबीबी, मो. उमर खालीद, मयंक गिरी, अशोक यादव, हरविंदर सिंह, मो. मफुज गद्दी, मो. सरफराज, मो. सियान, मो. इस्लाम, राजदेव ऋषि, मो. फरीद खान, मो. आसिफ, सैयद फराज सहित अन्य लोग बैठक में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे