कन्या पूजन कर बांटी खुशियां, उपहार पाकर खिल उठे नन्हे चेहरे
रामगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। बालिकाओं के प्रति प्रेम, सम्मान और आत्मीयता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ के तत्वावधान में बुधवार को कन्या पूजन और उपहार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्याओं ने छोटी-छोटी कन्याओं का पूजन कर उन्हें अपने हाथों से भोजन कराया। इसके बाद आकर्षक उपहार देकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
कार्यक्रम के दौरान कन्याओं को भोजन कराने के बाद सुंदर पोशाकें, घड़ियां और आकर्षक उपहारों से सजे गिफ्ट हैम्पर्स भेंट किए गए। उपहार पाकर बच्चियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। क्लब की सदस्याओं ने बच्चियों के साथ आत्मीय पल साझा करते हुए उन्हें सम्मान और स्नेह का एहसास कराया।
मौके पर क्लब की अध्यक्ष श्वेता जैन ने कहा कि कन्याओं में देवी का स्वरूप देखा जाता है। उनका सम्मान करना और उनके जीवन में खुशियां लाना क्लब का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और कल्याण के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की सभी पदाधिकारियों और सदस्याओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कन्याओं एवं उनके परिजनों ने इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
मौके पर क्लब अध्यक्ष श्वेता जैन के साथ शर्मिष्ठा दत्ता, अनुराधा श्रॉफ, जस्मीत सोनी, परमजीत कौर, मनबीर कौर, रेणु मेवाड़, नीरू साहनी, नवजीत कौर, गुरबख्श सैनी, जसप्रीत, जसबिंदर, ममता अग्रवाल एवं नयन मेवाड़ उपस्थित थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश