युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को विकसित करता है खेल : उदय

 


रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। खेल युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सद्भाव विकसित करती हैं। यह बातें भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने बुधवार को मांडर के बूढ़ाखुखरा मैदान में आयोजित राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल समारोह में कहीं।

उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और उनकी टीम ने शानदार पहल की है। इससे प्रेरित होकर युवा कांग्रेस अन्य राज्यों में भी ऐसे आयोजन करेगी। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी रोकने में केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाया।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल सड़क, नाली और बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं की प्रतिभा को मंच देना और मानव संसाधन का विकास करना भी जरूरी है। टूर्नामेंट का उद्देश्य मांडर विधानसभा के पांचों प्रखंडों के युवाओं को खेल के माध्यम से एकजुट करना है।

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने भी युवाओं से खेल एवं शिक्षा के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देने की अपील की। प्रतियोगिता में मॉडल पी2 ने प्रथम स्थान हासिल कर एक लाख रुपये और ट्रॉफी जीती। दूसरे, तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाली टीमों को क्रमशः 70 हजार, 51 हजार, 30 हजार और 21 हजार रुपये दिए गए।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन रविंदर सिंह, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar