खेल से शरीर रहता है फिट और स्वस्थ्य : मुख्यमंत्री

 






रांची, 19 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खेल एक ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए हम अपने शरीर को फिट और स्वस्थ रख सकते हैं। ऐसे में झारखंड पुलिस की ओर से अपने जवानों के लिए इस तरह की जो खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती है, वह काफी सराहनीय है। सोरेन गुरुवार को राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप-वन मैदान में आयोजित झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस के जवान आज राज्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ खेलों में अपना दमखम दिखा रहे हैं। हमारे पुलिस बल के जवान कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में ना सिर्फ हिस्सा लिया है बल्कि अपने प्रदर्शन से अपना और अपने राज्य तथा देश का नाम रोशन किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि एक खिलाड़ी के रूप में ये जवान आगे भी अपना परचम लहराएंगे और झारखंड पुलिस का मान-सम्मान बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर उन्होंने इस प्रतियोगिता के विभिन्न खेलों के विजेताओं और उप-विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा झारखंड पुलिस की ओर से हर वर्ष यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस खेल प्रतियोगिता में राज्यभर से झारखंड पुलिस के जवान बतौर खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। इनमें कुछ विजेता होते हैं तो कुछ चूक जाते हैं। मेरा मानना है कि खेलों में हिस्सा लेना ही सबसे बड़ी बात है। हार जीत तो लगी रहती है। मैं इस मौके पर सभी प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आप इसी तरह आगे भी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते रहें, सफलता जरूर मिलेगी।

इस मौके पर गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं खेलों में हिस्सा लेंगे आए पुलिस बल के प्रतिभागी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे